[ad_1]
नई दिल्ली. इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसे बल्लेबाज बिरले ही हैं जो क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में समान रूप से सफल रहे हैं. दरअसल, टेस्ट और शॉर्टर फॉर्मेट में बैटिंग का अंदाज काफी अलग होता है, ऐसे में किसी बैटर के लिए अपने खेल को इसके अनुरूप ढालना आसान नहीं होता. हालांकि कुछ बैटर ऐसा करने में कामयाब रहे हैं, इसमें सबसे प्रमुख नाम विराट कोहली, बाबर आजम और केन विलियमसन का है. इन तीनों बैटरों का तीनों फॉमेंट में औसत शानदार है.
विराट ने टेस्ट में 49.15, वनडे में 58.67 और टी20I में 51.75 के औसत से रनों का अंबार लगाया है. इसी तरह बाबर ने टेस्ट में 45.85, वनडे में 56.72 और टी20I में 41.55 के औसत से रन बनाए हैं. विलियमसन की बात करें तो उन्होंने टेस्ट में 55.25 के औसत से 8675, वनडे में 48.64 के औसत से 6810 और टी20I में 33.96 के औसत से 2547 रन स्कोर किए हैं. इन बल्लेबाजों से इतर एक ऐसा भी बैटर है जिसका न केवल इन तीनों फॉर्मेट में कामयाब करियर रहा है बल्कि इसने इन फॉर्मेट के अपने 100वें इंटरनेशनल मैच को बड़ा स्कोर बनाकर यादगार बनाया है.

ऑस्ट्रेलिया (Australia) के बाएं हाथ के बैटर डेविड वॉर्नर (David Warner) के नाम अपने 100वें टेस्ट में दोहरा शतक, 100वें वनडे में शतक और 100वें टी20I में 50+ का स्कोर करने की ऐसी उपलब्धि है जिसकी बराबरी अन्य कोई नहीं कर पाया है. इन तीनों ही मैचों में वे सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किए गए थे. 37 वर्षीय वॉर्नर टेस्ट और वनडे क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और इसी वर्ष जून में होने वाले टी20 वर्ल्डकप के बाद इस फॉर्मेट को भी अलविदा कह देंगे. टेस्ट क्रिकेट में 44.59 के औसत से 8786, वनडे में 45.30 के औसत से 6932 और टी20 में 33.68 के औसत से 3099 रन उन्होंने बनाए हैं.
‘लॉर्ड’ का ‘दर्दनाक’ टेस्ट डेब्यू, जीते हैं शाही लाइफ, ओवर में लगाए 6 छक्के
100वां वनडे भारत के खिलाफ खेला
डेविड वॉर्नर ने अपना 100वां ODI भारत के खिलाफ 28 सितंबर 2017 को बेंगलुरू में खेला था. अपने ‘सेंचुरी वनडे मैच’ को यादगार बनाते हुए उन्होंने 119 गेंदों पर 12 चौकों और चार छक्कों की मदद से 124 रन की पारी खेली थी. इस मैच में भारतीय गेंदबाजी की धज्जियां उड़ाते हुए वॉर्नर ने एरॉन फिंच (94 रन) के साथ पहले विकेट के लिए 231 रन की साझेदारी की थी. वॉर्नर की शतकीय पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया टीम 50 ओवर्स में 334 रन का स्कोर बनाने में कामयाब हुई थी. जवाब में भारतीय टीम 313 रन ही बना पाई थी और 21 रन से मैच हार गई थी.
अंपायर जिसे मिला ‘स्लो डेथ’ नाम, सचिन को गलत आउट देने के लिए रहा बदनाम
100वां टेस्ट दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला
100वें वनडे में शतक जड़ने के पांच साल बाद वॉर्नर ने अपना 100वां टेस्ट दिसंबर 2022 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला और इसमें दोहरा शतक बनाया. टेस्ट क्रिकेट में अब तक डेविड वॉर्नर के अलावा जो रूट ने ही अपने 100वें टेस्ट में दोहरा शतक लगाया है. मेलबर्न के इस टेस्ट में वॉर्नर ने पूरे 200 रन (255 गेंद, 16 चौके और दो छक्के) बनाए थे और नोर्किया के शिकार बने थे. उनके इस प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया टीम चार दिन में ही मैच एक पारी और 182 रनों के बड़े अंतर से जीतने में सफल रही थी.
टीम इंडिया के लिए ‘शुभ’,’मन’ को जीतने वाला भी, प्रिंस की तरह लाइफ स्टाइल
टेस्ट की दोनों पारियों में शतक भी जड़ चुके हैं
ऑस्ट्रेलिया के बेहतरीन ओपनरों में से एक वॉर्नर टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ने के साथ-साथ इस फॉर्मेट में पारी की शुरुआत कर नाबाद रहने (carrying the bat) की उपलब्धि भी हासिल कर चुके हैं. मार्च 2014 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट में उन्होंने पहली पारी में 135 और दूसरी पारी में 145 रन बनाए थे. इसी तरह न्यूजीलैंड के खिलाफ दिसंबर 2011 में होबार्ट में हुए टेस्ट की दूसरी पारी में वे 123 रन बनाकर आखिर तक नाबाद रहे थे. मैच में ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 233 रन पर समाप्त हुई थी.
कप्तान बनने की गारंटी है 183 का टॉप स्कोर! दिग्गजों से जुड़ा अजब संयोग
वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला 100वां टी20I
ऑस्ट्रेलिया के इस ओपनर ने अपना 100वां टी20I इंटरनेशनल इसी वर्ष 9 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला. होबार्ट के इस मैच में वॉर्नर शतक नहीं बना सके थे लेकिन उन्होंने 36 गेंदों पर 12 चौकों और एक छक्के की मदद से 70 रनों की जबर्दस्त पारी खेली थी. उनकी इस पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया टीम 20 ओवर्स में 7 विकेट पर 213 रन बनाने में सफल रही थी. जवाब में इंडीज टीम निर्धारित ओवर्स में 8 विकेट खोकर 202 रन ही बना पाई थी और 11 रन से मैच हार गई थी.
.
Tags: Australia Cricket Team, Cricket, David warner, Test cricket
FIRST PUBLISHED : March 11, 2024, 17:01 IST
[ad_2]
Source link

